इस अवसर पर नगरपालिका चेयरपर्सन सुनीता रानी, असंध विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, विभिन्न गांवों के सरपंच और अन्य आमजन उपस्थित रहे

असंध, 11 अगस्त

असंध शहर में सोमवार को विधायक योगेन्द्र राणा के नेतृत्व में भव्य, अनुशासित और जनभागीदारी से परिपूर्ण तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। यह तिरंगा यात्रा नई अनाज मंडी से आरम्भ होकर नानकपुरा चौंक, सालवन चौंक से होते हुए जींद चौंक पहुंची जहां से मुख्य बाजार से होते हुए फव्वारा चौंक व कब्र चौंक से होते हुए पंजाबी धर्मशाला में तिरंगा यात्रा सम्पन्न हुई। तिरंगा यात्रा के आरम्भ में विधायक योगेन्द्र राणा ने सभी को बताया कि सभी व्यक्ति राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान को बनाए रखेंगे और तिरंगे को सम्मान के साथ पकड़ेंगे।

इस गौरवपूर्ण यात्रा में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के साथ साथ आमजन और काफी संख्या में महिलाओं ने भी बहुत ही उत्साहपूर्ण तरीके से बढ़ चढ़कर भाग लिया। तिरंगा यात्रा शहर में बहुत ही भव्य तरीके से आयोजित हुई जिसमें सभी ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। तिरंगा यात्रा का जगह जगह पर आमजन द्वारा स्वागत किया गया। हाथों में भारत की आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा लिए यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाए।

इस अवसर पर विधायक योगेन्द्र राणा ने अपने संबोधन में कहा कि इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना को जगाना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व जागरूकता को बढ़ावा देना है। यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता और गौरव को प्रोत्साहित करती है। यह तिरंगा यात्रा न केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव है, बल्कि भारत की एकता, गौरव और सैनिकों के बलिदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

इस मौके पर असंध विधायक योगेन्द्र राणा ने देश की बहादुर सेना को नमन करते हुए कहा कि आज देश का हर नागरिक उत्साहित है, खुश है और सुरक्षित महसूस कर रहा है। विधायक योगेन्द्र राणा ने तीनों सेनाओं के वीर जांबाजों के पराक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि आज विश्व में देश का गौरव बढ़ा है। विधायक योगेन्द्र राणा ने देश के बहादुर सैनिकों को नमन किया।

विधायक योगेन्द्र राणा ने तिरंगे के महत्व को बताते हुए कहा कि यह हमारे देश की स्वतंत्रता, एकता और गौरव का प्रतीक है। इसे फहराना हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है। तिरंगे का सम्मान करना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है, और हमें इस पर गर्व होना चाहिए कि हम एक स्वतंत्र और महान देश के नागरिक हैं। इस दौरान विधायक ने वहां उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि सभी को तिरंगे को सम्मान के साथ अपने घरों और कार्यस्थल पर लगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *